


हादसे के बाद स्कॉर्पियो ने कुचला पैर, मायागंज रेफर
नवगछिया। भवानीपुर चौक के समीप रविवार को ओवरटेक के दौरान दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान कुर्सेला बस्ती निवासी निरंजन शाह (पिता- राम जपो शाह) तथा महेशकूट निवासी बबलू दास (पिता- मेदनी दास) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निरंजन शाह जानवी चौक की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। तभी सामने से आ रही बबलू दास की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद सड़क पर गिरे निरंजन शाह के पैर पर नवगछिया की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चढ़ गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में निरंजन शाह का पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और फ्रैक्चर हो गया। वहीं बबलू दास के सिर में गंभीर चोट लगी है।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर नवगछिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फरार स्कॉर्पियो चालक और वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

















