


नवगछिया। एकता क्रिकेट क्लब (ईसीसीएन-11) नवगछिया के तत्वावधान में आयोजित फ्रेंडशिप कप सीजन-3 में रविवार को खेले गए मुकाबलों में ईसीसीएन-11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं।

दिन के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ईसीसीएन-11 नवगछिया और आलोक-11 पूर्णिया आमने-सामने थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए ईसीसीएन-11 ने निर्धारित 15 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाए। जवाब में आलोक-11 की टीम 112 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह ईसीसीएन-11 ने 86 रन से शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
इसके बाद खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में ईसीसीएन-11 का सामना अमन-11 भागलपुर से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए अमन-11 ने निर्धारित 15 ओवर में 185 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईसीसीएन-11 की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 14.1 ओवर में 6 विकेट खोकर 190 रन बना लिए और मुकाबला जीत लिया।

इस जीत के साथ ईसीसीएन-11 नवगछिया फ्रेंडशिप कप 2026 (सीजन-3) के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। लगातार दो महत्वपूर्ण मुकाबले जीतने के बाद खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य क्षेत्र में क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खेल भावना को बढ़ावा देना है।
















