


नवगछिया। पूर्णिया में आयोजित दधीचि देहदान समिति के क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लेने के दौरान सिक्किम के पूर्व राज्यपाल एवं दधीचि देहदान समिति के अध्यक्ष गंगा प्रसाद का मकंदपुर चौक पर भव्य स्वागत किया गया। दधीचि देहदान समिति एवं भारत विकास विकलांग न्यास, बिहार प्रदेश के पदाधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर गंगा प्रसाद ने कहा कि समाज सेवा ही सच्ची देशभक्ति है। अंगदान, नेत्रदान और देहदान के माध्यम से हम मानवता की वास्तविक सेवा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जीवित रहते रक्तदान तथा मृत्यु के बाद नेत्रदान, अंगदान और देहदान कर व्यक्ति समाज के साथ-साथ स्वयं को भी अमर बना सकता है।
कार्यक्रम में समाजसेवी विनोद केजरीवाल, विनय प्रकाश, मुरारी लाल पंसारी और बिनोद मंडल को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं समिति के महासचिव पद्मश्री विमल जैन ने मनोज मंडल, पंकज, भूपेंद्र, मिथिलेश, श्रवण, केशव, रामेश्वर एवं मुक्तीनाथ सहित कई स्वयंसेवकों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय संगठन मंत्री निर्मल जैन ने वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से किया। पद्मश्री विमल जैन ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान और अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। युवाओं को इसे सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए आगे आना चाहिए।
नवनिर्वाचित भाजपा नेत्री सुषमा एवं ब्लड सेंटर के मुकेश हिसारिया ने भी स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए नेत्रदान एवं देहदान अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विनोद केजरीवाल ने सभी पदाधिकारियों एवं सम्मानित स्वयंसेवकों का अभिनंदन करते हुए अधिक से अधिक लोगों को दधीचि देहदान समिति से जुड़ने का आह्वान किया।

मौके पर 30 जून तक नवगछिया में समिति की नई इकाई के गठन की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
















