


नवगछिया। नवगछिया बाजार क्षेत्र में रविवार को एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले में घायल युवक का इलाज अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में चल रहा है। परिजनों ने पुलिस से आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घायल युवक की पहचान मोहम्मद सद्दाम अंसारी के रूप में हुई है। पीड़ित के भाई मोहम्मद जावेद अंसारी ने बताया कि उनके भाई पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। आरोप है कि मोहम्मद आमिस अंसारी, नोखेज अंसारी और मोहम्मद सज्जाद ने मिलकर चाकू से वार किया। हमलावर कथित रूप से गर्दन और पेट पर हमला करना चाहते थे, लेकिन बचाव के दौरान चाकू सद्दाम के हाथ में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों का आरोप है कि आरोपित लंबे समय से मोहल्ले में दबंगई करते आ रहे हैं और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। जावेद अंसारी ने बताया कि घटना से एक दिन पूर्व भी आरोपितों ने शराब के नशे में उनके साथ मारपीट की थी तथा कंधे पर दांत से काट लिया था। उस समय मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन अगले ही दिन चाकूबाजी की घटना हो गई।
पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि यदि आरोपितों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि असामाजिक तत्वों के मनोबल पर अंकुश लगाया जा सके।
इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
















