


कार्रवाई के दौरान परिजनों पर आरोपी को छुड़ाने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
भागलपुर। लोदीपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर कला पासवान टोला में पुलिस ने छापेमारी कर 1 किलो 532 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया, लेकिन परिजनों और स्थानीय लोगों के विरोध के बीच वह पुलिस की पकड़ से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पासवान टोला निवासी राजू पासवान के पुत्र सौरभ कुमार के घर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 1 किलो 532 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से सौरभ कुमार को हिरासत में भी लिया था।
आरोप है कि कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिजन और अन्य लोग पुलिस टीम से उलझ गए तथा हाथापाई कर सौरभ कुमार को छुड़ाकर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलने पर लोदीपुर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश की, लेकिन तब तक वह घर छोड़कर फरार हो चुका था।
वहीं सौरभ कुमार और उसकी मां सोनी देवी ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
लोदीपुर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि बरामद गांजा को जब्त कर लिया गया है। मामले में सौरभ कुमार समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।
















