


भागलपुर। सन्हौला स्थित पुल की स्थिति को लेकर सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुल की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया।
निरीक्षण के बाद सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित पुल पर तत्काल प्रभाव से बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुल की संरचनात्मक स्थिति को देखते हुए यह निर्णय आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।

वहीं नव-निर्मित पुल पर आवागमन के दौरान झटके महसूस होने संबंधी शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया। जांच के उपरांत संबंधित विभाग को आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि नए पुल में चिन्हित तकनीकी खामियों को दूर करने का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
















