


भागलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के डीएन सिंह रोड में सोमवार को एक उचक्का बच्चे के गले से लॉकेट काटते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
जानकारी के अनुसार नाथनगर निवासी रीना देवी अपने बच्चे के साथ खरीदारी करने डीएन सिंह रोड पहुंची थीं। इसी दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर एक युवक बच्चे के गले से लॉकेट काटकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ गई और लोगों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया।
उचक्का के पकड़े जाने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया।
पीड़िता रीना देवी ने बताया कि खरीदारी के दौरान उनके बच्चे के गले से लॉकेट काटने की कोशिश की गई थी, लेकिन लोगों की सतर्कता से आरोपी पकड़ लिया गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















