


∼
क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में शानदार जीत, आज ECCN-11 से होगी खिताबी भिड़ंत
नवगछिया। एकता क्रिकेट क्लब, नवगछिया के तत्वावधान में आयोजित फ्रेंडशिप कप सीजन-3 क्रिकेट टूर्नामेंट रोमांचक मुकाबलों के साथ अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। सोमवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल और दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में सोनू इलेवन कटिहार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रोशन इलेवन फारबिसगंज और सोनू इलेवन कटिहार आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए रोशन इलेवन फारबिसगंज की पूरी टीम निर्धारित 15 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। जवाब में सोनू इलेवन कटिहार ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 11 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इसके बाद खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में सोनू इलेवन कटिहार का मुकाबला विकास इलेवन से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए विकास इलेवन की टीम 129 रन पर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोनू इलेवन कटिहार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 10 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाकर छह विकेट से मुकाबला जीत लिया और फाइनल में जगह पक्की कर ली।
टूर्नामेंट आयोजकों ने बताया कि फ्रेंडशिप कप सीजन-3 में कुल 16 टीमों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया है।
अब टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 9 जून को दिन के 11 बजे से ECCN-11 नवगछिया और सोनू इलेवन कटिहार के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए फाइनल मुकाबले के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। क्रिकेट प्रेमियों में फाइनल को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।















