


पुलिस ने देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया, तकनीकी जांच से मिली सफलता
भागलपुर पुलिस ने सबौर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों, अवैध हथियारों एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सबौर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि इंजीनियरिंग कॉलेज रोड स्थित आर्य टोला में अज्ञात अपराधियों द्वारा एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल निराला यादव, पिता स्वर्गीय लक्ष्मण यादव, निवासी गोपालपुर, को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) भेजा गया। जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के पुत्र रोहित कुमार के बयान पर सबौर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर मामले में शामिल अपराधियों की पहचान की।
जांच के क्रम में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें बहादुर कुमार, पांडव कुमार एवं अजय मंडल उर्फ छंगुरी मंडल शामिल हैं। तीनों आरोपी बाबूपुर, थाना सबौर, जिला भागलपुर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के कारण पुलिस को इस हत्याकांड के खुलासे में सफलता मिली है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
















