5
(1)

नवगछिया के अर्जुन कॉलेज के पास हुई दुर्घटना, यात्रियों को निकालने के लिए तोड़ना पड़ा बस का पिछला शीशा

नवगछिया में बुधवार को सुबह 5 बजे एक बड़ा सड़क हादसा उस समय हो गया जब सिलीगुड़ी से भागलपुर आ रही समीर बस (बीआर-43पी-4165) अर्जुन कॉलेज के समीप सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना के बाद बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में खगड़िया, भागलपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के कई यात्री घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बस का पिछला शीशा तोड़ना पड़ा। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया।

बस में सवार एक यात्री ने बताया कि दुर्घटना की सूचना तत्काल नवगछिया पुलिस जिला के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा तथा नवगछिया थाना प्रभारी रविशंकर कुमार को दी गई। सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

पुलिस की सहायता से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। चिकित्सकों द्वारा घायलों का एक्स-रे एवं अन्य आवश्यक जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद चोटों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटाकर आवागमन सामान्य कराया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर चालक की लापरवाही तथा सड़क किनारे खड़े वाहन के कारण दृश्यता प्रभावित होने जैसे बिंदुओं पर जांच की जा रही है। वहीं मिली जानकारी के अनुसार बस चालक भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है ।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: