


परिवार के एक सहारे के जाने से घर में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया पुलिस जिला के
बिहपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 60 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर वार्ड संख्या-4 निवासी फुलची पासवान (60 वर्ष), पिता स्वर्गीय चुनचुन पासवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि फुलची पासवान दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को वह बभनगामा में एक निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी करने गए थे। मकान की छत पर खपरैल रखने के दौरान वह अचानक बिजली के 440 वोल्ट तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद उनके पुत्र और स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फुलची पासवान अपने परिवार के प्रमुख कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। दोनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो पुत्र अविवाहित हैं। तीनों पुत्र मजदूरी कर परिवार की आजीविका में सहयोग करते हैं। पिता की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही बिहपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
मृतक के बड़े पुत्र द्वारा बिहपुर थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि करंट लगने से एक वृद्ध मजदूर की मौत हुई है। आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
















