


दो बाइकों की टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल युवक ने मायागंज अस्पताल में तोड़ा दम
नवगछिया ।
खरीक थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंटर के एक छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है और गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के भवनपुरा गांव निवासी सुभाष मंडल के 22 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुलशन इंटर का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी सहयोग करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात गुलशन बाइक से मुर्गा खरीदने जा रहा था। इसी दौरान खरीक रेलवे गुमटी के समीप स्थित भोला बाबा मंदिर के पास उसकी बाइक की दूसरी बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुलशन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए तेलघी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मायागंज अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के चाचा भूषण मंडल ने बताया कि गुलशन बाइक से जा रहा था, तभी दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से भाग निकला। उन्होंने बताया कि घायल अवस्था में प्रशासन के लोगों ने ही उसे अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है।
पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा फरार बाइक चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।
















