5
(1)

पति गिरफ्तार, सास-ससुर समेत अन्य आरोपी फरार; पुलिस कर रही छापेमारी

पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र स्थित ततमा टोला में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

मृतका की पहचान शांति कुमारी (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बिहपुर क्षेत्र के औलियाबाद निवासी अमित कुमार मिश्रा की पत्नी थीं। अमित कुमार मिश्रा पूर्णिया में एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के पद पर कार्यरत है और पिछले दो वर्षों से परिवार के साथ पूर्णिया के ततमा टोला में किराये के मकान में रह रहा था।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता खरीक थाना क्षेत्र के कठेला निवासी प्रकाश चौधरी, माता मीरा देवी तथा अन्य परिजन सोमवार रात पूर्णिया पहुंचे।

मृतका की बड़ी बहन प्रियंका कुमारी ने मरंगा थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में शांति के पति अमित कुमार मिश्रा, ससुर अजय मिश्रा, सास मंजू देवी तथा देवर माधव कुमार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है।

आवेदन में कहा गया है कि वर्ष 2021 में शांति की शादी अमित मिश्रा से हुई थी। विवाह के समय लड़की पक्ष की ओर से लगभग 11 लाख रुपये नकद, करीब 7 लाख रुपये मूल्य के घरेलू सामान तथा पांच भर सोने के आभूषण उपहार स्वरूप दिए गए थे। शादी के कुछ माह बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा कार की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर शांति को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों के अनुसार इस विवाद को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी। पंचायत के बाद कुछ दिनों तक स्थिति सामान्य रहती थी, लेकिन बाद में फिर प्रताड़ना शुरू हो जाती थी। आरोप है कि सोमवार शाम दहेज की मांग को लेकर शांति के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

मरंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति अमित कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं सास, ससुर और देवर घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। दहेज हत्या के इस मामले ने एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज प्रथा की भयावहता को उजागर कर दिया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: