


नवगछिया हाई स्कूल में प्रमाणपत्र देने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, छात्रों का वीडियो वायरल
नवगछिया। नवगछिया अनुमंडल स्थित नवगछिया हाई स्कूल में प्रमाणपत्र एवं अंकपत्र (मार्कशीट) वितरण के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इसको लेकर छात्रों में आक्रोश देखा जा रहा है। छात्रों द्वारा विद्यालय परिसर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है, जिसमें विद्यालय की एक महिला आदेशपाल पर छात्रों से पैसे लेने का आरोप लगाया गया है।
वायरल वीडियो में कुछ छात्र विद्यालय कर्मी से बहस करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में मार्कशीट, प्रमाणपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने के लिए ₹50, ₹100 से लेकर ₹200 तक की राशि ली जाती है। छात्रों का कहना है कि बिना पैसे दिए कोई भी कागजात आसानी से उपलब्ध नहीं कराया जाता।
छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में लंबे समय से इस प्रकार की अनियमितताएं जारी हैं। उनका कहना है कि दस्तावेज प्राप्त करने के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है और अंततः राशि जमा करने के बाद ही काम होता है। कुछ छात्रों ने इसे “खुर-पूजाई” के नाम पर होने वाली अवैध वसूली बताया है।
वायरल वीडियो के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं विद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
छात्रों एवं अभिभावकों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी विद्यालयों में छात्रों से किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं होनी चाहिए तथा पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
वही इस मामले की जानकारी लेने के लिए नवगछिया हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क असफल रहा ।
















