


पूर्णिया। पूर्णिया विश्वविद्यालय के छात्र राजद (एसएसएआई) अध्यक्ष पीयूष पुजारा ने राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री Lalu Prasad Yadav से मुलाकात कर उनके 79वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पीयूष पुजारा ने कहा कि लालू प्रसाद यादव अपनी कर्मठता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर राजनेता से जननेता बने हैं। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति से निकले नेताओं में लालू प्रसाद यादव का नाम सबसे प्रमुख है और आज भी वे छात्र राजनीति से जुड़े युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव देश के उन चुनिंदा नेताओं में रहे हैं जिन्होंने अपनी मुखरता और प्रखर नेतृत्व क्षमता से जनता के बीच विशेष पहचान बनाई। स्वतंत्रता के कई दशक बाद भी बिहार का एक बड़ा वर्ग सामाजिक भेदभाव और असमानता से जूझ रहा था, लेकिन लालू यादव ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को राजनीतिक मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया।
पीयूष पुजारा ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने गरीब, शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को सम्मान और प्रतिनिधित्व दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से समाज के कमजोर तबकों की आवाज सत्ता और प्रशासन तक पहुंच सकी।
उन्होंने कहा कि लालू यादव हमेशा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ राज्य और देश के स्तर पर उठाते रहे। उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों का प्रभाव राष्ट्रीय राजनीति तक दिखाई देता था। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज जनता से जुड़े कई मुद्दे अपेक्षित गंभीरता के साथ नहीं उठाए जा रहे हैं।
पीयूष पुजारा ने कहा कि लालू प्रसाद यादव का राजनीतिक जीवन सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक रहा है। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं।
















