


वृक्षारोपण, जनसंवाद और स्वच्छता कार्यक्रम के जरिए विकास योजनाओं की दी जानकारी
पूर्णिया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित “12 साल बेमिसाल – विश्वास, विकास और जनकल्याण” कार्यक्रम के तहत पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने सिपाही टोला स्थित पूर्व मेयर निवास पर वृक्षारोपण किया तथा भास्कर नगर खेल एवं व्यायामशाला एवं मरंगा स्थित बांस उद्योग केंद्र का निरीक्षण किया।
इसके बाद विधायक ने भाजपा नगर पश्चिम मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ मधुबनी बैजनाथपुरी यादव टोला और मझली चौक बजरंगपुरी कॉलोनी में आयोजित जनसंपर्क गोष्ठियों में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रबुद्धजन गोष्ठी और स्वच्छता अभियान का आयोजन कर स्वच्छ भारत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल विश्वास, विकास और जनकल्याण का स्वर्णिम कालखंड रहा है। यह संकल्प से सिद्धि तक की यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाकर भारत की प्रतिष्ठा को विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूर्णिया सहित पूरे देश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। जीविका समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुद्रा योजना से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
विधायक ने बताया कि नगर निगम के वार्डों और पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार डीबीटी के माध्यम से बिहार के 94 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में 1100 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। आम जनता की सुविधा के लिए पुलिस सहायता हेतु 112 तथा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित और आत्मनिर्भर पूर्णिया का निर्माण उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नगर पश्चिम मंडल अध्यक्ष गोपाल सिंह ने किया। इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बूथ अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
















