


बेलगच्छी में पावर ग्रिड और दो नए पावर सब-स्टेशन स्थापित करने की उठाई मांग
पूर्णिया।
पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन ने पटना में बिहार के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल से मुलाकात कर सीमांचल क्षेत्र की बिजली व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया जिले के डगरूआ प्रखंड स्थित बेलगच्छी में पावर ग्रिड निर्माण तथा रूपौली प्रखंड के मोहनपुर एवं बनमनखी प्रखंड के चकमका में नए पावर सब-स्टेशन (पीएसएस) स्थापित करने की मांग की।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि डगरूआ प्रखंड के बेलगच्छी में बिजली विभाग की अनुपयोगी भूमि पर पावर ग्रिड की स्थापना होने से डगरूआ, बायसी, अमौर और बैसा समेत चार बड़े प्रखंडों की विद्युत व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल पूर्णिया बल्कि पूरे सीमांचल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध हो सकेगी।
ऊर्जा मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में सांसद ने पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया जिलों में स्मार्ट मीटर, बिजली आपूर्ति, ग्रिड निर्माण, आरडीएसएस योजना तथा जर्जर विद्युत अवसंरचना से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सीमांचल के लाखों उपभोक्ता आज भी अनियमित बिजली आपूर्ति, कम वोल्टेज, स्मार्ट मीटर की शिकायतों और कमजोर वितरण व्यवस्था से परेशान हैं।
स्मार्ट मीटर को लेकर सांसद ने कहा कि जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को गलत बिलिंग, अत्यधिक चार्ज, प्रीपेड बैलेंस कटौती, तकनीकी खराबी और शिकायतों के समाधान में देरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चारों जिलों में स्थापित स्मार्ट मीटरों की संख्या, लंबित शिकायतों और उपभोक्ता आपत्तियों का जिला-वार विवरण सार्वजनिक करने तथा शिकायतों की जांच के लिए स्वतंत्र जिला स्तरीय तंत्र गठित करने की मांग की।
सांसद ने कटिहार में प्रस्तावित ग्रिड निर्माण की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, निविदा प्रक्रिया और निर्माण की समयसीमा सार्वजनिक करने की भी मांग की। साथ ही आरडीएसएस योजना के तहत पूर्णिया के लिए स्वीकृत 154.32 करोड़ रुपये तथा कटिहार के लिए स्वीकृत 132.67 करोड़ रुपये की राशि के उपयोग और कार्य प्रगति रिपोर्ट को सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि पूर्णिया शहर में अब भी बड़ी संख्या में पुराने सिंगल फेज एलटी तार लगे हुए हैं, जो ओवरलोड के कारण बार-बार जल जाते हैं और शॉर्ट सर्किट की घटनाओं को जन्म देते हैं। उन्होंने इन तारों को हटाकर आधुनिक तीन फेज केबल लगाने की मांग की। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट पोलों से हो रहे अनधिकृत बिजली उपयोग और उससे उत्पन्न सुरक्षा जोखिमों की ओर भी सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया।
उन्होंने कहा कि जिले में एलटी एवं 11 हजार वोल्ट की अधिकांश लाइनें जर्जर हो चुकी हैं, जिसके कारण उपभोक्ताओं को पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पाता और बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती है। सांसद ने प्राथमिकता के आधार पर एक हजार किलोमीटर नई एलटी एवं 11 हजार वोल्ट लाइन बिछाने तथा 100 नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना की मांग की।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सीमांचल के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वे सरकार से लगातार जवाबदेही और ठोस कार्रवाई की मांग करते रहेंगे।
















