


जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश
पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को महानंदा सभागार में मॉडल विद्यालयों एवं नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों में एक-एक मॉडल विद्यालय की स्थापना की गई है। इन विद्यालयों का उद्देश्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और नवाचार आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि इसी योजना के तहत पूर्णिया जिले के छह प्रखंडों में नए डिग्री महाविद्यालय भी स्थापित किए गए हैं। इन संस्थानों में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से, यानी 1 जुलाई 2026 से पठन-पाठन शुरू किया जाना प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी ने संबंधित प्रधानाचार्यों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, कार्यपालक अभियंताओं एवं कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया कि मॉडल विद्यालयों और डिग्री महाविद्यालयों में छात्रों के लिए बेंच-डेस्क, फर्नीचर, शैक्षणिक उपकरण एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा नियमित पर्यवेक्षण करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही संबंधित अंचल अधिकारियों एवं डीसीएलआर को मॉडल विद्यालयों और डिग्री महाविद्यालयों के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।
















