


भागलपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में “12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र ने बिहपुर और खरीक प्रखंड क्षेत्रों में साइकिल यात्रा कर पार्टी के पुराने एवं जनसंघ कालीन कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, शिक्षकों, सैनिकों तथा गणमान्य लोगों से उनके घर जाकर मुलाकात की।
इस दौरान मंत्री के साथ बिहपुर एवं खरीक मंडल भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी साइकिल से जनसंपर्क अभियान में शामिल रहे। मंत्री ने कहा कि साइकिल न केवल पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने लोगों से दैनिक कार्यों के लिए अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग करने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन्हीं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
भाजपा के नवगछिया जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, जिला महामंत्री प्रभुनंदन चौधरी, खरीक मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह एवं वाल्मीकि मंडल ने बताया कि “12 साल बेमिसाल” अभियान के तहत मंत्री शैलेन्द्र ने बुधवार को नारायणपुर प्रखंड में प्रवास किया था। वहीं 13 जून को खरीक के भवनपुरा तथा 14 जून को बिहपुर क्षेत्र में प्रवास करेंगे।
उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस स्थानीय योग समूहों के सहयोग से मनाया जाएगा। इसके अलावा 12 से 20 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना तथा विकसित भारत कार्यक्रमों से संबंधित पंजीकरण और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने बताया कि 14 जून तक सांसद, विधायक और मंत्री विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। अभियान के दौरान योग, पर्यावरण संरक्षण, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, प्रगति पथ यात्रा, जनकल्याण शिविर, सभागार बैठक, केंद्र सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी तथा प्राकृतिक खेती कार्यशाला जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
















