


भागलपुर जिले में एक ईंट भट्ठे पर काम करने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन और भट्ठा मालिक से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र निवासी जनार्दन मंडल के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विकास कुमार ईंट भट्ठे पर मशीन में बुरादा और सीमेंट की बोरी डालने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका शरीर मशीन की चपेट में आ गया और मशीन उन्हें अंदर की ओर खींच ले गई।
हादसा इतना भयावह था कि विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि विकास कुमार शादीशुदा थे और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार की आजीविका पूरी तरह उनकी कमाई पर निर्भर थी। ऐसे में उनकी असामयिक मौत से परिवार गहरे आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है।
घटना के बाद परिजनों ने न्याय और उचित मुआवजे की मांग की है। जानकारी के अनुसार भट्ठा मालिक की ओर से मृतक के परिजनों को एक से डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है। हालांकि परिजनों का कहना है कि यह राशि परिवार के भविष्य और बच्चों के पालन-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रशासन से सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
















