


भागलपुर ।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर के नेचर क्लब द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित एक सप्ताह की कार्यशाला “प्लास्टिक का ज़हर : धरती पर कहर” का समापन गुरुवार को हुआ। समापन सत्र में लगभग 80 शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान नेचर क्लब के सचिव डॉ. अवधेश पाल ने सप्ताहभर चली गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना था। इसके तहत विश्वविद्यालय परिसर, सबौर तथा भागलपुर शहर में सफाई एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि 5 जून को कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह द्वारा गंधराज पौधे का रोपण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया था। इसके बाद 6 एवं 7 जून को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और आवासीय क्षेत्रों में प्लास्टिक सफाई अभियान चलाया गया। 8 जून को भागलपुर के कचहरी चौक से तिलकामांझी चौक तक जागरूकता रैली निकाली गई तथा दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को प्लास्टिक का कम उपयोग करने और कपड़े के थैले अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। 9 एवं 10 जून को सबौर और ब्लॉक चौक के बाजार क्षेत्रों में भी प्लास्टिक उन्मूलन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
समापन सत्र में छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें प्लास्टिक प्रदूषण, मिट्टी की गुणवत्ता पर इसके दुष्प्रभाव तथा पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक उपायों की महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
डीन (स्नातकोत्तर) डॉ. संजय कुमार ने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों को केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और बदलती जलवायु की चुनौतियों को भी समझना होगा। उन्होंने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए इसके न्यूनतम उपयोग और उचित निपटान की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निदेशक अनुसंधान डॉ. ए.के. सिंह ने नेचर क्लब एवं विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा का उपयोग समाज और पर्यावरण के हित में होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।
प्रथम वर्ष के छात्र आनंद कुमार ने सभी उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई कि वे प्लास्टिक का बहिष्कार करेंगे, अधिक से अधिक पौधरोपण करेंगे तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखेंगे।
कार्यक्रम के अंत में पादप कार्यिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ. आर.डी. रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर डॉ. सरिता, डॉ. अशोक, डॉ. परमवीर, डॉ. अपूर्वा, डॉ. अनित, डॉ. सुदेसना, डॉ. नम्रता, डॉ. सुदीप सहित कई शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
















