


मुख्यमंत्री खुद कर रहे मॉनिटरिंग, कांवरियों को इस बार मिलेंगी पहले से बेहतर सुविधाएं
भागलपुर ।
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए शनिवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेला प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाला धार्मिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचकर गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम तक कांवर यात्रा करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेले की तैयारियों की सीधी मॉनिटरिंग बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही है, जिसके कारण सभी विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से कांवरियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कांवरिया पथ पर आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा तथा विभिन्न पड़ाव स्थलों पर मूलभूत व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे और सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार श्रावणी मेला अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल वातावरण में संपन्न हो।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार व्यवस्थाओं में कई सुधार किए जा रहे हैं, ताकि कांवरियों को पहले से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
प्रशासन का दावा है कि श्रावणी मेला 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं।
















