


पूर्णिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने रविवार को पूर्णिया में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकास यात्रा का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। यह यात्रा केवल आंकड़ों की नहीं, बल्कि देश की तस्वीर और तकदीर बदलने की यात्रा है।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीसरी बार जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। यह विश्वास सरकार की सेवा भावना, सुशासन और जनहितकारी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है।
गरीब, किसान, युवा और महिलाएं सरकार की प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार शपथ लेने के बाद सबसे पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की फाइल पर हस्ताक्षर किए, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकार के केंद्र में गरीब, किसान, युवा और महिलाएं हैं।
उन्होंने बताया कि डिजिटल गवर्नेंस और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) व्यवस्था के माध्यम से लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाया गया, जिससे लगभग 4.31 लाख करोड़ रुपये की राशि गलत हाथों में जाने से बचाई गई। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों के कारण करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों ने विश्व पटल पर भारत की ताकत का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि देश नक्सलवाद से तेजी से मुक्त हो रहा है और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है, जबकि जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं। इसके अलावा 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, जबकि उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल का जल पहुंचाया गया है।
आधारभूत संरचना के विकास में नई ऊंचाइयां
भाजपा नेता ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देशभर के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग चार लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क भी तेजी से विस्तारित हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे का लगभग संपूर्ण ब्रॉडगेज नेटवर्क विद्युतीकृत हो चुका है और देशभर में 164 से अधिक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है। वहीं 26 से अधिक शहरों में मेट्रो रेल नेटवर्क का विस्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में 90 से अधिक नए हवाई अड्डों का निर्माण हुआ है तथा भारतनेट परियोजना के तहत लाखों ग्रामीण परिवारों को डिजिटल कनेक्टिविटी से जोड़ा गया है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में भी नए एम्स और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की गई है।
विरासत संरक्षण और वैश्विक मंच पर बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण की दिशा में भी आगे बढ़ा है। कर्तव्य पथ का निर्माण, नई संसद में सेंगोल की स्थापना और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में उभरा है। वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम के माध्यम से अनेक देशों की सहायता की गई और भारत में रिकॉर्ड विदेशी निवेश प्राप्त हुआ है।
प्रेस वार्ता के अंत में शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मोदी सरकार का 12 वर्षों का कार्यकाल केवल उपलब्धियों का विवरण नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक सफल और ऐतिहासिक यात्रा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में और मजबूती के साथ अपनी पहचान स्थापित करेगा।
















