


भागलपुर। श्री सांवरिया सेवा ट्रस्ट, भागलपुर के तत्वावधान में आयोजित पंचम वार्षिकोत्सव “श्री श्याम अमृत महोत्सव” का शुभारंभ रविवार को भव्य पालकी यात्रा एवं निशान शोभायात्रा के साथ हुआ। गोशाला, भागलपुर से निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग में “हारे के सहारे, खाटू वाले श्याम हमारे” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हाथों में निशान लेकर भाग लिया। सुसज्जित पालकी में विराजमान श्री श्याम प्रभु की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। भक्तजन भक्ति गीतों पर झूमते-गाते आगे बढ़ रहे थे। वहीं विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
रंग-बिरंगे परिधानों में शामिल श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने पूरे शहर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। शोभायात्रा में शामिल भक्तों ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से हर वर्ष यह आयोजन और अधिक भव्य स्वरूप ले रहा है। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए बाबा श्याम के जयकारे लगाए।
आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा के सफल समापन के बाद महोत्सव के अन्य कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार आयोजित किए जा रहे हैं। दोपहर तीन बजे से न्यू देवी बाबू धर्मशाला, एम.पी. द्विवेदी रोड स्थित वातानुकूलित हॉल में भव्य श्री श्याम कीर्तन एवं ज्योत का आयोजन प्रारंभ होगा, जो प्रभु इच्छा तक अनवरत चलता रहेगा।
महोत्सव के दौरान भव्य दरबार, पुष्प श्रृंगार, इत्र वर्षा, छप्पन भोग, सवामणी एवं श्री श्याम रसोई जैसी विशेष व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन को लेकर भक्तों में अपार उत्साह देखा जा रहा है तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
















