5
(1)

भागलपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर सेंट्रल मोहर्रम कमेटी की ओर से पूर्वी जोन की तीसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के सह-संयोजक जीनी हमीदी ने की, जबकि संचालन संयोजक डॉ. फारूक अली ने किया। बैठक के अंत में कार्यकारी संयोजक महबूब आलम ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

बैठक में पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों के अध्यक्ष, सचिव एवं अखाड़ों के खलीफाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा। मुहर्रम पर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर इसाकचक थाना प्रभारी आलोक कुमार एवं लोदीपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार को सेंट्रल मोहर्रम कमेटी की ओर से अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। सम्मान कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी मो. तकी अहमद जावेद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं मुस्तफापुर एवं खंजरपुर के खलीफाओं को भी सम्मानित किया गया।

बैठक में विशेष रूप से मूर्तिजा अली दरगाह स्थित बड़े इमामबाड़ा के समीप जलजमाव, शाहजंगी मेला मैदान में कूड़े के अंबार, मियां साहब मैदान में जलभराव तथा कोतवाली बड़े इमामबाड़ा क्षेत्र में साफ-सफाई की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण मुहर्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं अखाड़ों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि इन सभी समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन से मुलाकात कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी, ताकि मुहर्रम पर्व से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकें।

बैठक में क्षेत्रीय इमामबाड़ों के आसपास अतिक्रमण हटाने, अखाड़ों के जुलूस मार्ग को सुगम बनाने तथा भोलानाथ पुल से गुजरने वाले अखाड़ों की सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। इसाकचक थाना प्रभारी आलोक कुमार ने सभी खलीफाओं को 15 जून 2026 को सुबह 10 बजे थाना परिसर में बैठक के लिए आमंत्रित किया, ताकि जुलूस मार्ग एवं अन्य समस्याओं का स्थल निरीक्षण कर समाधान निकाला जा सके।

बैठक में नौजवान अंजुमन कमेटी के शहजाद खान, मोहम्मद आसिफ खान, मोहम्मद मेराज, भोला खान, मोहम्मद हिमायूं, जुम्मन अंसारी, वार्ड पार्षद जावेद अंसारी, नज़ाहट अंसारी, अब्दुल करीम अंसारी, सैफुल्लाह अंसारी, शाहबाज खान, मोहम्मद जमाल, मोहम्मद मदनी, मोहम्मद काबुल, मिंटू कलाकार, मोहम्मद मंसूर, मोहम्मद सरवर, मोहम्मद चांद, मोहम्मद शमशेर, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद इसराइल, मोहम्मद चुना, मोहम्मद मुजम्मिल, मोहम्मद नूर हसन फरीदी, खलीफा जावेद अंसारी सहित बड़ी संख्या में कमेटी सदस्य एवं खलीफा मौजूद थे।

बैठक में सभी उपस्थित लोगों ने मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: