5
(1)

भागलपुर के बिहपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित खानका-ए-आलिया कादिरिया फरीदिया मोहब्बतिया में सूफी संत एवं धर्मगुरु हजरत सैयदना हुजूर मोहब्बत शाह कादरी फरीदी रहमतुल्लाह अलैह तथा हजरत सैयदना हुजूर अलैहदाद शाह कादरी फरीदी रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स-ए-पाक रविवार को अकीदत और श्रद्धा के साथ संपन्न हो गया। उर्स में बिहार सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की।

उर्स के अवसर पर रविवार सुबह 7 बजे से 9 बजे तक पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के मुये मुबारक (पवित्र बाल) की जियारत कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने जियारत कर दुआएं मांगीं।

शनिवार देर रात तक आयोजित जलसा एवं कव्वाली कार्यक्रम की सरपरस्ती खानका-ए-आलिया गुलजारिया के सज्जादानशीं हजरत मौलाना सैयद अलहाज मूसा फरीदी राटन शरीफ ने की। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहपुर खानका-ए-आलिया कादिरिया फरीदिया के सज्जादानशीं हजरत अली कौनैन खां कादरी फरीदी ने की, जबकि संचालन एवं नेतृत्व नायब सज्जादानशीं हजरत मौलाना अली शब्बर खां कादरी फरीदी के निर्देशन में हुआ।

जलसे को संबोधित करते हुए गया से आए मौलाना डॉ. जाकिर हुसैन एवं मौलाना अबूसालेह फरीदी ने कहा कि हजरत मोहब्बत शाह और हजरत अलैहदाद शाह का पूरा जीवन मानव सेवा, भाईचारे और लोगों की भलाई के लिए समर्पित रहा। उन्होंने लोगों से सूफी संतों की शिक्षाओं पर अमल करने का आह्वान किया।

नातिया महफिल में झारखंड के शायर-ए-इस्लाम शहबाज सिद्दीकी, धनबाद के उस्मान आलम तथा खगड़िया के शौकीन नवाज शौक ने हजरत मोहब्बत शाह और हजरत अलैहदाद शाह की शान में एक से बढ़कर एक नात और मनकबत पेश कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन मधेपुरा के मौलाना बदरुज्जमा साहब ने किया, जबकि जलसे की शुरुआत हाफिज कारी नैयर जमाली ने तिलावत-ए-कुरआन पाक से की।

इसके बाद आयोजित महफिल-ए-शमा में समस्तीपुर के मशहूर कव्वाल अकरम फरीदी एवं रुस्तम कव्वाल ने खानकाही कव्वालियां पेश कर उपस्थित अकीदतमंदों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

उर्स के समापन पर लंगर एवं शिरनी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर कर्रार खां फरीदी, रहबर खान कादरी, रहनुमा खां, बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार, बुशमस आजम, जिला परिषद सदस्य मोइन राइन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: