


नवगछिया : जिला मंत्री रूपेश कुमार ‘रूप’ ने रविवार को बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न सड़कों, जलजमाव एवं जल निकासी संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
मुलाकात के दौरान रूपेश कुमार रूप ने मंत्री को बताया कि बिहपुर प्रखंड के झंडापुर, औलियाबाद, बिहपुर, जयरामपुर, हरिओ, मड़वा समेत कई क्षेत्रों में वर्षों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश के बाद भी कई गांवों की मुख्य सड़कें एवं बाजार क्षेत्र दो से तीन फीट तक पानी में डूब जाते हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
भाजपा नेता ने आगामी मानसून को देखते हुए जनहित में स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाई जाए। उन्होंने क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक स्थानों पर नालों के निर्माण की भी मांग की।
पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने भाजपा जिला मंत्री द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेकर जल्द ही समस्या के समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई। भाजपा जिला मंत्री ने उम्मीद जताई कि मंत्री के हस्तक्षेप से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।
















