5
(1)

नवगछिया । गोपालपुर प्रखंड की तिनटंगा करारी पंचायत के राजस्व अभिलेखों को गोपालपुर अंचल में शामिल करने की दिशा में प्रशासनिक पहल शुरू हो गई है। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार को भेजा जाएगा। वहीं तिनटंगा करारी राजस्व कचहरी पूर्ववत संचालित हो रही है।

जानकारी के अनुसार, मौजा तिनटंगा (थाना संख्या-47) के अंतर्गत तिनटंगा दियारा उत्तर, तिनटंगा दियारा दक्षिण एवं तिनटंगा करारी पंचायत शामिल हैं। अंचलाधिकारी रंगरा चौक ने बताया कि भौगोलिक दृष्टि से तिनटंगा दियारा उत्तर एवं दक्षिण रंगरा अंचल क्षेत्र में आते हैं, जबकि तिनटंगा करारी पंचायत गोपालपुर अंचल क्षेत्र में अवस्थित है। इसके बावजूद वर्षों से तीनों पंचायतों के राजस्व अभिलेख संयुक्त रूप से तिनटंगा करारी राजस्व कचहरी में संधारित होते रहे हैं।

ऑनलाइन राजस्व अभिलेखों के अद्यतन के दौरान संयुक्त अभिलेख होने के कारण सभी रिकॉर्ड रंगरा चौक अंचल में अपलोड कर दिए गए। इसके परिणामस्वरूप तिनटंगा करारी पंचायत के ग्रामीणों को दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), परिमार्जन एवं भू-मापी जैसे ऑनलाइन राजस्व कार्यों के लिए रंगरा चौक अंचल का चक्कर लगाना पड़ता है। वहीं जाति, आय, आवासीय सहित आरटीपीएस से संबंधित प्रमाण-पत्रों का निष्पादन गोपालपुर अंचल से किया जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि गोपालपुर अंचल कार्यालय उनकी पंचायत से मात्र लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जबकि रंगरा चौक अंचल कार्यालय करीब 14 किलोमीटर दूर है। इससे आम लोगों को समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से मांग रही है कि तिनटंगा करारी पंचायत के राजस्व अभिलेखों को गोपालपुर अंचल से संबद्ध किया जाए। इस मांग को देखते हुए जिला प्रशासन भागलपुर द्वारा प्रस्ताव तैयार कर राजस्व विभाग, बिहार सरकार को भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद राजस्व संबंधी कार्यों के निष्पादन में सुविधा होगी तथा पंचायत के हजारों लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: