


नवगछिया । बिहपुर थाना क्षेत्र के नरकटिया सिकिया गंगा घाट पर रविवार को स्नान के दौरान पैर फिसल जाने से एक 8 वर्षीय बालक की गंगा में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हैयाचक निवासी सुमन चौधरी के पुत्र सुशांत कुमार उर्फ विराट (8 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुशांत अपनी छोटी बहन के साथ 10 जून को गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए नरकटिया स्थित अपने नाना नवीन कुमार सिंह के घर आया था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह नरकटिया सिकिया गंगा घाट पर स्नान करने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गंगा के गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा ग्रामीणों की सहायता से खोजबीन शुरू कराई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बालक का शव गंगा से बरामद किया गया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। मां जूही कुमारी, पिता सुमन चौधरी, दादी टुनी देवी, बड़े भाई विक्रम कुमार तथा बहन तान्या सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि सुशांत दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था तथा चौथी कक्षा का मेधावी छात्र था।
बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि गंगा में डूबने से एक बालक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन दिए जाने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
















