


कटिहार ।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं प्रख्यात समाजसेवी नरोत्तम जोशी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने जोशी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।
इस अवसर पर तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि नरोत्तम जोशी के निधन से कटिहार ने एक समर्पित समाजसेवी और कर्मठ व्यक्तित्व को खो दिया है। उन्होंने अपने जीवन में हमेशा सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता दी और समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाई। धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में उनकी विशेष रुचि थी तथा वे समाज के विभिन्न वर्गों के बीच अपनी अलग पहचान रखते थे।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने व्यवसायियों और उद्यमियों का स्नेह एवं विश्वास अर्जित किया था। उनका निधन सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
तारकिशोर प्रसाद ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा नेता बब्बन झा, अमित कुमार गुप्ता, चैंबर के पूर्व अध्यक्ष विमल सिंह बेगानी, चैंबर के नवनिर्वाचित सचिव लाला सिंघानिया, निगम पार्षद प्रतिनिधि मनोज मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
















