5
(1)

पूर्णिया ।

समाहरणालय परिसर स्थित महानंदा सभागार के समीप सोमवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभुकों को प्रोत्साहन राशि, प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री सह पूर्णिया जिला प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा एवं भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने संयुक्त रूप से लाभुकों के बीच सहायता सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए।

यह कार्यक्रम जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक अमरेश कुमार द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित एवं दिव्यांग वर्गों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना था।

इस अवसर पर पूर्णिया सदर विधायक विजय कुमार खेमका, बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, कसबा विधायक नितीश कुमार सिंह, रुपौली विधायक कलाधर प्रसाद मंडल, अमौर विधायक अख्तरुल ईमान, बायसी विधायक गुलाम सरवर, जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार तथा पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

दिव्यांग दंपत्तियों को मिला विवाह प्रोत्साहन अनुदान

मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत विवाह करने वाले दो दिव्यांग दंपत्तियों को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि सावधि जमा (फिक्स्ड डिपॉजिट) प्रमाण पत्र के रूप में प्रदान की गई। लाभान्वित दंपत्तियों में रूकसार प्रवीण एवं रिजवान अंसारी तथा चंदा कुमारी एवं विपिन कुमार गुप्ता शामिल हैं।

अंतर्जातीय विवाह करने वाले नौ दंपत्तियों को मिला सम्मान

सामाजिक समरसता और जातीय भेदभाव समाप्त करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत नौ दंपत्तियों को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का सावधि जमा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

योजना से लाभान्वित दंपत्तियों में मनीषा कुमारी-मनीष कुमार, रानी कुमारी-ओम प्रकाश महतो, ममता कुमारी-रवि कुमार चौपाल, मुनमुन बनर्जी-श्रवण कुमार, शिमरण कुमारी-अनिल कुमार शर्मा, दुलाली बर्मन-अनिमेष चक्रवर्ती, शिम्पी भारती-अरविंद कुमार, सुमन चौधरी-पंकज कुमार तथा आरती कुमारी-रंजन कुमार शामिल हैं।

‘संबल’ योजना के तहत दिव्यांगजनों को मिली बैट्री चालित ट्राईसाइकिल

मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना ‘संबल’ के तहत चार दिव्यांग लाभुकों को बैट्री चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई। इससे दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

इस योजना के तहत मनीष ऋषि, रंजी कुमार दास, राज कुमार राम एवं मो. महताब आलम को ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।

समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : रत्नेश सादा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा ने कहा कि बिहार सरकार समाज के कमजोर, महादलित, दिव्यांग और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि ‘संबल’ योजना के माध्यम से दिव्यांगजनों को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी का बेहतर अवसर मिलेगा। वहीं अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना सामाजिक समानता और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम के दौरान लाभुकों और उनके परिजनों ने सरकार की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: