5
(1)

पूर्णिया जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में सोमवार को महिलाओं की सुरक्षा, सहायता एवं सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण पहल के तहत नव-निर्मित वन स्टॉप सेंटर भवन का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री सह पूर्णिया जिला प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा तथा भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस अवसर पर कसबा विधायक नितेश कुमार सिंह, पूर्णिया सदर विधायक विजय कुमार खेमका, जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.), पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत (भा.पु.से.), उप विकास आयुक्त अंजनी कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी दिलीप सरकार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह मिशन शक्ति की नोडल पदाधिकारी सुगंधा शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य हिंसा, उत्पीड़न और सामाजिक शोषण से पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता एवं न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को विभिन्न प्रकार की सहायता के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि एक ही भवन में उन्हें परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सीय सहयोग, पुलिस सहायता तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ने जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ तथा महिलाओं के खिलाफ होने वाले अन्य अपराधों के मामलों में पीड़ितों को आवश्यक सहायता प्रदान करेगा। साथ ही घरेलू हिंसा से संबंधित डीआईआर रिपोर्ट तैयार कराने, थानों से समन्वय स्थापित करने तथा न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग देने का कार्य भी करेगा।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह केंद्र केवल महिलाओं की समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बाल विवाह, दहेज प्रथा और महिलाओं के खिलाफ सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए भी जागरूकता अभियान चलाएगा। मिशन शक्ति के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को जोड़कर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और आत्मविश्वास प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। वहीं भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सशक्त वातावरण तैयार करना सरकार की प्रतिबद्धता है और ऐसे केंद्र समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

उद्घाटन समारोह में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी पूर्णिया सदर एवं ग्रामीण, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक कुसुम कुमारी, परामर्शदाता अर्चना कुमारी, कार्यालय सहायक शुभम पांडे, जिला मिशन समन्वयक नंदन कुमार सिंह, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ सूरज कुमार, लेखा सहायक पुष्कर कुमार सुमन तथा आईसीडीएस के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित थे।

वन स्टॉप सेंटर के संचालन से जिले की महिलाओं, किशोरियों एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सहायता और सशक्तिकरण के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध होगा, जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सम्मानजनक जीवन जी सकेंगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: