5
(1)

नवगछिया पुलिस जिले में अवैध वसूली के आरोप को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ट्रक चालक की शिकायत पर जांच के बाद रंगरा थाना के एक पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि तीन गृहरक्षकों को छह माह के लिए ड्यूटी से वंचित कर दिया गया है। इसके अलावा संविदा चालक की सेवा भी समाप्त कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार 15 जून 2026 को ट्रक चालक सुरेंद्र यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जून की रात लगभग 11:30 बजे रंगरा थाना क्षेत्र में गश्ती दल द्वारा उनसे जबरन 18 हजार रुपये की अवैध वसूली की गई। शिकायत मिलने के बाद नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अंचल निरीक्षक, नवगछिया द्वारा मामले की जांच की गई। जांच के दौरान लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गश्ती दल में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक (परिपुअनि) धर्मेंद्र कुमार, रंगरा थाना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

इसके साथ ही गश्ती दल में शामिल गृहरक्षक अंजनी कुमार चौधरी, मिथुन कुमार सिंह एवं रंजीत कुमार राय को छह माह के लिए ड्यूटी से वंचित कर दिया गया है। वहीं मामले में संलिप्त पाए जाने पर संविदा चालक सौरभ कुमार को भी सेवा से वापस कर दिया गया है।

नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। जांच के दौरान जो भी अतिरिक्त तथ्य एवं साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली जैसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं आम लोगों ने पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: