5
(1)

नवगछिया सहित कोसी-सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों की सुविधाओं को लेकर रखी गईं महत्वपूर्ण मांगें

नवगछिया । पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के महाप्रबंधक को डीआरयूसीसी सदस्य एवं पूर्व मध्य रेल मंडल, सोनपुर के सदस्य कुमार मिलन सागर द्वारा रेल यात्रियों की सुविधाओं, स्टेशन विकास एवं नई ट्रेनों के परिचालन से संबंधित विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में नवगछिया, बिहपुर, नारायणपुर तथा कोसी-सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।

ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग नवगछिया स्टेशन के पश्चिमी ढाला पर अंडरपास निर्माण की की गई है, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। साथ ही नवगछिया स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ी) लगाने की मांग भी उठाई गई है।

कुमार मिलन सागर ने बताया कि नवगछिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर अभी तक कोच पोजीशन डिस्प्ले बोर्ड उपलब्ध नहीं है, जिससे यात्रियों को ट्रेन आने पर काफी परेशानी होती है। उन्होंने प्लेटफॉर्म-3 पर कोच पोजीशन बोर्ड लगाने तथा प्लेटफॉर्म के नीचे खाली स्थान का सौंदर्यीकरण एवं पार्क निर्माण कराने की मांग की है।

माल गोदाम क्षेत्र में श्रमिकों की सुविधा के लिए माल गोदाम शेड एवं मजदूर विश्राम आश्रय के निर्माण की आवश्यकता भी ज्ञापन में बताई गई है।

रेल परिचालन से जुड़ी मांगों में कटिहार-शाहपुर पटोरी-सोनपुर मार्ग से इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग प्रमुख है। साथ ही उन्होंने बताया कि दोपहर 11:30 बजे के बाद बरौनी से कटिहार जाने के लिए कोई उपयुक्त सवारी ट्रेन उपलब्ध नहीं है, जिससे यात्रियों को शाम तक इंतजार करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए नई सवारी गाड़ी चलाने की मांग की गई है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि समस्तीपुर-हसनपुर-रोसड़ा-खगड़िया होकर कटिहार जाने वाली कोई भी सवारी ट्रेन नहीं है, जिससे इस मार्ग के यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस रूट पर सवारी ट्रेन चलाने की मांग की गई है।

नवगछिया से कटिहार जाने वाली ट्रेन संख्या 63304 के अत्यधिक विलंब से चलने का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि यह ट्रेन अक्सर निर्धारित समय से कई घंटे विलंब से पहुंचती है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी होती है। इसके समय पालन में सुधार की मांग की गई है।

बिहपुर स्टेशन पर वर्तमान में आरक्षण काउंटर का संचालन केवल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक होता है। इसके बाद यात्रियों को टिकट आरक्षण अथवा टिकट रद्द कराने के लिए नवगछिया जाना पड़ता है। इसलिए आरक्षण काउंटर का समय बढ़ाकर रात्रि 8 बजे तक करने की मांग की गई है।

इसी प्रकार नारायणपुर स्टेशन पर आरक्षण काउंटर और सामान्य टिकट काउंटर एक ही पैनल से संचालित होने के कारण यात्रियों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ता है। दोनों काउंटरों को अलग-अलग संचालित करने की मांग भी की गई है।

ज्ञापन में नवगछिया के पूर्वी ढाला का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। बताया गया कि ओवरब्रिज निर्माण के बाद पूर्वी ढाला को बंद कर दिया गया, जिससे आसपास के लगभग 10 पंचायतों के लोगों तथा महिला महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को आने-जाने में भारी कठिनाई हो रही है। इसे पुनः चालू करने की मांग की गई है।

इसके अलावा नवगछिया क्षेत्र से पुणे के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि एनजेपी अथवा कटिहार से पुणे जाने वाली किसी लंबी दूरी की ट्रेन का ठहराव नवगछिया स्टेशन पर दिया जाए अथवा नई ट्रेन का परिचालन किया जाए, जिससे नवगछिया अनुमंडल सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिल सके।

डीआरयूसीसी सदस्य कुमार मिलन सागर ने कहा कि ये सभी मांगें क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन इन मांगों पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र कार्रवाई करेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: