5
(1)

भागलपुर । सैंडिस कंपाउंड, भागलपुर में आयोजित बीसीए विमेंस अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल मुकाबले में टीम एफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ए को 8 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। भागलपुर और पटना लीग चरण की शीर्ष टीमों के बीच खेला गया यह मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ए ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। टीम की ओर से सलोनी कुमारी ने 30 गेंदों में 57 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि कप्तान अक्षरा गुप्ता ने 22 गेंदों पर 38 रन बनाए। अंत में मुखरा ने नाबाद 19 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। टीम एफ की ओर से सिद्धि कुमारी और प्रतिभा ने दो-दो विकेट झटके, जबकि सेजल और प्रिया राज को एक-एक सफलता मिली।

163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम एफ ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 17.3 ओवर में मात्र दो विकेट खोकर 165 रन बना लिए और मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। टीम की ओर से प्रतिभा ने नाबाद 60 रन बनाए, जबकि संतोषी कुमारी ने मात्र 20 गेंदों में 44 रनों की विस्फोटक पारी खेली। शिवी सिंह ने 26 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्रतिभा को “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया।

फाइनल मुकाबले में अंपायर की भूमिका मनोहर कुमार और राघव ठाकुर ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में अंकित अमृत राज और शिवम कुमार ने अपनी सेवाएं दीं।

मैच के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को फाइनल तक पहुंचने और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने विजेता टीम एफ को विनर ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम ए को रनर-अप ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के चेयरमैन डॉ. आनंद कुमार मिश्रा, भागलपुर जिला क्रिकेट संघ (बीडीसीए) के उपाध्यक्ष सुभीर मुखर्जी, सचिव डॉ. जयशंकर ठाकुर, सीनियर जिला टीम के कप्तान बास्कीनाथ मिश्रा, डॉ. अर्जुन कुमार, गुड्डू पांडे सहित कई खेलप्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: