5
(2)

बड़ी संख्या में लोगों ने रखीं अपनी समस्याएं, पदाधिकारियों ने लिए आवेदन

भागलपुर। बिहार सरकार के निर्देशानुसार जिले में “सहयोग सह जन-कल्याण शिविर” का आयोजन किया गया। जगदीशपुर प्रखंड मुख्यालय के साथ-साथ ग्राम पंचायत सैनो एवं पुरैनी दक्षिणी में भी शिविर आयोजित कर आम जनता की समस्याएं सुनी गईं।

शिविर में जिला स्तर के पदाधिकारी, डीसीएलआर, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, अंचलाधिकारी सतीश कुमार सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कई पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों द्वारा पदाधिकारियों के स्वागत के साथ हुई।

शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें, समस्याएं एवं सुझाव दर्ज कराए। उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जन-कल्याण शिविर के माध्यम से आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया गया।

इस दौरान डीसीएलआर, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी के हाथों दर्जनों भूमिहीन परिवारों के बीच भूमि के पर्चे वितरित किए गए। इसके अलावा लाभुकों को राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र एवं मृत्यु प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

जन समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन भी प्राप्त किए गए।

डीसीएलआर ने कहा कि सरकार द्वारा बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह पहल की गई है। इसके तहत पदाधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं से अवगत हो रहे हैं तथा आवेदन प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं और अपनी शिकायतें एवं सुझाव दर्ज करा रहे हैं।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने कहा कि सरकार सहयोग सह जन-कल्याण शिविर के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की।

अंचलाधिकारी सतीश कुमार ने कहा कि यह सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य लोगों को प्रखंड और अंचल कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना है। पदाधिकारी स्वयं शिविर के माध्यम से आवेदन प्राप्त कर रहे हैं तथा सरकार द्वारा 30 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों द्वारा पदाधिकारियों को अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: