


आरक्षित यात्रियों को हुई भारी परेशानी, चेन पुलिंग से 12 मिनट रुकी रही ट्रेन
नवगछिया । बिहार मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के कारण मंगलवार को डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12423) और बाद में उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (22449) में अफरातफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आरक्षित बोगियों में चढ़ जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को हस्तक्षेप करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार कटिहार और किशनगंज रेलवे स्टेशनों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी राजधानी एक्सप्रेस की विभिन्न आरक्षित बोगियों में सवार हो गए। इससे ट्रेन में यात्रा कर रहे आरक्षित यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई कोचों में भीड़ इतनी अधिक हो गई कि यात्रियों का अपनी सीटों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे कंट्रोल ने नवगछिया सहित आगे के सभी स्टेशनों को अलर्ट कर दिया। सूचना मिलते ही आरपीएफ एवं जीआरपी को सक्रिय कर दिया गया। सुबह करीब 5:35 बजे राजधानी एक्सप्रेस के नवगछिया स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर मुन्ना कुमार पासी के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने विभिन्न बोगियों में जांच अभियान चलाया।
इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने बिना आरक्षण यात्रा कर रहे अभ्यर्थियों को ट्रेन से नीचे उतारना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान कई अभ्यर्थियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कुछ कोचों के गेट पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद अधिकांश अभ्यर्थियों को राजधानी एक्सप्रेस से नीचे उतारा गया।
इसी बीच ट्रेन खुलने के बाद कुछ अभ्यर्थियों द्वारा चेन पुलिंग कर दी गई, जिसके कारण राजधानी एक्सप्रेस करीब 12 मिनट तक नवगछिया स्टेशन पर खड़ी रही। घटना के बाद रेलवे कर्मियों और गार्ड ने तकनीकी जांच की तथा स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
राजधानी एक्सप्रेस से उतारे जाने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए तत्काल वैकल्पिक ट्रेन उपलब्ध कराने की मांग करने लगे। इससे कुछ देर के लिए स्टेशन परिसर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे के वरीय अधिकारियों ने त्वरित पहल करते हुए गुवाहाटी-नई दिल्ली उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (22449) को नवगछिया स्टेशन पर रुकवाया। इसके बाद अभ्यर्थियों को उक्त ट्रेन में सवार कराया गया, जिससे स्थिति सामान्य हुई और रेलवे परिचालन सुचारु रूप से बहाल किया जा सका।
घटना के दौरान स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। हालांकि रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बलों की तत्परता से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से नियमों का पालन करने तथा आरक्षित ट्रेनों में बिना वैध टिकट और आरक्षण यात्रा नहीं करने की अपील की है।
















