5
(1)

भागलपुर । आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के सभी 16 प्रखंड मुख्यालयों में आयोजित तीन दिवसीय जन सहयोग सह कल्याण शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सहायता काउंटरों पर लोगों ने अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए, वहीं कई लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में राजस्व, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, श्रम संसाधन, मनरेगा, जीविका, पंचायत राज सहित विभिन्न विभागों के सहायता काउंटर लगाए गए थे। इन काउंटरों पर अधिकारियों एवं कर्मियों ने आमजनों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा उनके आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।

तीन दिवसीय शिविर के दौरान राशन कार्ड, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण-पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, श्रमिक पंजीकरण, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों का निष्पादन किया जा रहा है। कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर लाभुकों को तत्काल राहत प्रदान की गई।

कहलगांव प्रखंड मुख्यालय में आयोजित शिविर के दौरान कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश ने 166 जीविका स्वयं सहायता समूहों की लखपति दीदियों के बीच 2 करोड़ 85 लाख रुपये का चेक एवं पासबुक वितरित किया। इसके अलावा शिविर के माध्यम से बनाए गए श्रम कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड भी लाभुकों को प्रदान किए गए। योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाले लोगों ने सरकार और प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए खुशी जाहिर की।

वहीं जगदीशपुर प्रखंड में आयोजित जन सहयोग सह कल्याण शिविर में नाथनगर विधायक मिथुन कुमार ने 630 जीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के बीच 8 करोड़ 51 लाख 50 हजार रुपये का चेक वितरित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जीविका दीदियां एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने पर संतोष व्यक्त किया और इसे जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।

जिला प्रशासन ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। जन सहयोग सह कल्याण शिविर के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: