


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया मकंदपुर गांव में गुरुवार की शाम एक 18 वर्षीय युवक ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर लिया । घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान सिंघिया मकंदपुर निवासी बिट्टू कुमार (18 वर्ष), पिता रंजीत साह के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे की है। परिजनों ने जब युवक को घर के एक कमरे में लटका हुआ देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक का व्यवहार असामान्य था ।
बताया जा रहा है कि युवक नशे का आदी था। हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
मृतक अपने परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ी बहन और एक छोटे भाई को छोड़ गया है। उसके पिता रंजीत शाह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। वहीं पर परिजनों नें बताया कि वे लोग शव का पोस्टमार्टम कराना नहीं चाहते हैं जिस बाबत को लेकर गोपालपुर थाना पुलिस ने परिजनों से एक लिखित आवेदन लेकर शव परिजन को सौंप दिया ।














