


पटना: बिहार सरकार ने राज्य में उद्योग, रोजगार, पर्यटन और खेल क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सहरसा, पूर्णिया और कैमूर में नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास का रास्ता साफ कर दिया गया। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से निवेश बढ़ेगा और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार सहरसा औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए वनगांव और देवनागोपाल मौजा में लगभग 420.63 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इस परियोजना पर करीब 88.01 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं पूर्णिया में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए लगभग 1.25 अरब रुपये की लागत से भूमि अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है। इन दोनों क्षेत्रों में उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
















