


खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र की गोंगी पंचायत में देर रात लगभग 5 बीघा क्षेत्र में फैले मक्का के ठठेरा (फसल अवशेष) में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
घटना Gongi Panchayat के वार्ड संख्या-2 की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने खेतों से उठती आग देखकर तुरंत मौके पर पहुंचकर पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।
कुछ ही देर में दमकल कर्मी और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने के कारण आग को आसपास के अन्य खेतों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ी क्षति टल गई।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने जानबूझकर मक्का के ठठेरा में आग लगाई। उनका दावा है कि आरोपी हथियारों से लैस होकर आए थे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
















