


भागलपुर। अग्निशमन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में भागलपुर अग्निशमन विभाग को बड़ी सौगात मिली है। तिलकामांझी स्थित मुख्य अग्निशमन केंद्र के बेड़े में एक अत्याधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म फायर टेंडर गाड़ी को शामिल किया गया है। इस नई गाड़ी के शामिल होने से ऊंची इमारतों में लगने वाली आग पर नियंत्रण और राहत-बचाव कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार यह आधुनिक फायर टेंडर ऊंची बहुमंजिला इमारतों तक पहुंचने में सक्षम है। इसमें लगा हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म कई मंजिलों तक ऊपर जा सकता है, जिससे अग्निशमन कर्मी ऊंचाई वाले स्थानों पर आसानी से पहुंचकर आग बुझाने और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का कार्य कर सकेंगे।
गाड़ी में हाई प्रेशर वाटर सिस्टम एवं फोम आधारित अग्निशमन सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे आग पर तेजी और प्रभावी तरीके से काबू पाया जा सकेगा। इसके अलावा 360 डिग्री घूमने की क्षमता इसे राहत एवं बचाव कार्यों के लिए और अधिक उपयोगी बनाती है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भागलपुर शहर में लगातार बहुमंजिला भवनों, अपार्टमेंट्स और बड़े व्यावसायिक परिसरों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में आधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म फायर टेंडर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसके शामिल होने से आपातकालीन परिस्थितियों में विभाग की कार्यक्षमता और प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सरवन रविदास ने बताया कि नई फायर टेंडर गाड़ी आग लगने की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ ऊंची इमारतों में फंसे लोगों के सुरक्षित रेस्क्यू में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह वाहन भागलपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में अग्निशमन सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएगा।
















