


नशे के साये में बढ़ रहा अपराध, इंडक्शन चूल्हा चोरी करते युवक को दुकानदारों ने दबोचा
भागलपुर : शहर में बढ़ती नशाखोरी के बीच चोरी की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड स्थित मारवाड़ी पाठशाला के समीप का है, जहां एक दुकान से इंडक्शन चूल्हा चोरी कर भाग रहे युवक को स्थानीय दुकानदारों ने पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार रामसर निवासी रोहित नामक युवक पर दुकान से इंडक्शन चूल्हा चोरी करने का आरोप है। बताया जाता है कि युवक चूल्हे को गमछे में छिपाकर वहां से निकल रहा था। इसी दौरान आसपास के दुकानदारों को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
दुकानदार किशन कुमार साह एवं बिक्की कुमार साह ने युवक को पकड़कर इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी। दुकानदारों का दावा है कि चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना भेज दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी देखी गई। दुकानदारों का कहना है कि शहर में स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते सेवन का असर अब चोरी एवं छोटे-मोटे अपराधों के रूप में सामने आने लगा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
















