


नवगछिया।
नवगछिया में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई चेन स्नेचिंग की घटना से लोगों में दहशत फैल गई। बनारसी लाल कॉलेज मेन रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। छीना-झपटी के दौरान महिला सड़क पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता की पहचान पकड़ा निवासी प्रिया देवी (20 वर्ष), पति सूरज कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महिला सड़क से गुजर रही थी, तभी बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और गले में पहनी सोने की चेन झपट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गई और उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी कुसेला की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद घायल महिला किसी तरह नवगछिया थाना पहुंची। उसकी स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर इस तरह की घटना पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता से आवेदन लिया जा रहा है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल थाना को सूचित करें, ताकि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
















