


नवगछिया थाना पुलिस ने अवैध लॉटरी टिकट बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 2466 लॉटरी टिकट, नकदी समेत कई अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस को 18 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि नवगछिया बाजार स्थित महाराजजी चौक के समीप एक दुकान में अवैध रूप से लॉटरी टिकटों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर नवगछिया थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान से कुल 2466 लॉटरी टिकट, 1278 रुपये नकद, सात रजिस्टर, एक मोबाइल फोन, एक आईपैड तथा अन्य संबंधित सामग्री बरामद की। मौके से पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महाराजजी चौक निवासी पवन कुमार भगत, पिता स्व. राज कुमार भगत तथा कृष्णा भगत, पिता पवन कुमार भगत के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 238/26 दर्ज किया है। मामले में चार नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।















