


खगड़िया: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संसारपुर स्थित गंडक नदी घाट पर स्नान के दौरान एक 21 वर्षीय युवती की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया
मृतका की पहचान मोरकाही थाना क्षेत्र के माड़र उत्तरी पंचायत के सबलपुर टोला निवासी रामाशीष पासवान की पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मुस्कान अपनी बीमार नानी से मिलने के लिए कुछ दिन पहले संसारपुर आई थी।
बताया जाता है कि गुरुवार को वह गंडक नदी में स्नान करने गई थी। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने देर शाम तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
शुक्रवार सुबह संसारपुर घाट के समीप नदी में एक शव दिखाई देने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
परिजनों ने बताया कि मुस्कान की शादी करीब एक वर्ष पहले बछौता पंचायत में हुई थी। वह कुछ समय पहले मायके आई थी। इसी दौरान नानी की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर वह उनकी देखभाल के लिए संसारपुर गई थी, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है।













