


बेगूसराय, बिहार: जिले के बखरी थाना क्षेत्र स्थित सोनमा गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार को 26 वर्षीय चंदन कुमार महतो की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप उसके चचेरे भाई और उसके सहयोगियों पर लगाया है।
जानकारी के अनुसार, चंदन कुमार महतो और उसके चचेरे भाई के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को गांव के दक्षिण स्थित परवल के खेत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद घर लौटने के दौरान हनुमान मंदिर के पास विवाद फिर बढ़ गया और देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि इसी दौरान चंदन कुमार पर चाकू से हमला किया गया। हमले में उसकी छाती समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को गढ़पुरा-बखरी मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि चंदन कुमार ने करीब 20 दिन पहले ही अपनी जान को खतरा बताते हुए थाना में आवेदन दिया था। ऐसे में घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।













