


नवगछिया।
साइबर ठगी के एक मामले में साइबर थाना नवगछिया की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित युवक को बड़ी राहत मिली है। पुलिस के तकनीकी प्रयासों और लगातार अनुसंधान के परिणामस्वरूप ठगी गई राशि में से 25 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।
जानकारी के अनुसार नवगछिया थाना क्षेत्र के नयाटोला निवासी अंशु कुमार जायसवाल साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। घटना के बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर थाना नवगछिया की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल एवं अन्य तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए लगातार अनुसंधान किया। साइबर टीम के निरंतर प्रयास और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप ठगी गई राशि में से 25 हजार रुपये सफलतापूर्वक पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए।
राशि वापस मिलने के बाद पीड़ित अंशु कुमार जायसवाल ने साइबर थाना नवगछिया की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई होने से उन्हें आर्थिक नुकसान से राहत मिली है।
साइबर थाना नवगछिया ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी या संदिग्ध साइबर गतिविधि की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने पर ठगी गई राशि को सुरक्षित कराने और अपराधियों तक पहुंचने की संभावना बढ़ जाती है।
पुलिस ने लोगों को अज्ञात लिंक, संदिग्ध कॉल, ओटीपी साझा करने तथा फर्जी ऑनलाइन ऑफरों से सावधान रहने की भी सलाह दी है।
















