


नवगछिया।
नीट (यूजी) प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल ने विशेष पहल की है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक सुगम एवं समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से 21 जून 2026 को नवगछिया से पाटलिपुत्र के बीच विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन संख्या 03217 परीक्षा स्पेशल रविवार की शाम 6:00 बजे नवगछिया स्टेशन से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मार्ग में खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर और सोनपुर स्टेशन पर ठहराव करते हुए रात 10:55 बजे पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नीट परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विभिन्न शहरों में स्थित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। ऐसे में विशेष ट्रेन के परिचालन से छात्रों और उनके अभिभावकों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का अतिरिक्त दबाव भी कम होगा।
रेलवे ने अभ्यर्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने तथा यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की है। इस विशेष ट्रेन के परिचालन से कोसी और सीमांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों और अभ्यर्थियों ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे छात्र हित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया है।
















