


भागलपुर जिले को नई जिलाधिकारी मिल गई हैं। 2016 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी अलंकृता पांडे ने सोमवार को भागलपुर की जिलाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी से औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला।
पदभार ग्रहण के बाद जिला प्रशासन की ओर से नई जिलाधिकारी अलंकृता पांडे को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण समारोह में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, सिटी डीएसपी अजय चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पदभार संभालने के बाद अलंकृता पांडे ने कहा कि सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना, जन समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
वहीं निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा नई जिलाधिकारी को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
अब भागलपुर जिले की प्रशासनिक कमान अलंकृता पांडे के हाथों में होगी और उनसे जिले के विकास, कानून-व्यवस्था तथा जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
















